
रायपुर। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और प्रेरक जीवन प्रसंगों से परिचित कराने के उद्देश्य से तैयार विशेष ब्रेल पुस्तक ‘दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां’ का राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विमोचन किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान और अवसर पर हर बच्चे का समान अधिकार है।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह पुस्तक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ संघर्ष से सफलता तक पहुंचने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियों के माध्यम से आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का हौसला देगी। उन्होंने कहा कि यह पहल समावेशी और सुलभ शिक्षा के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है।
पूरी तरह ब्रेल लिपि में तैयार इस पुस्तक में दिव्यांगजनों के अधिकार, उपलब्ध अवसरों और विषम परिस्थितियों में सफलता हासिल करने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियां शामिल हैं। पुस्तक का संपादन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा और राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका प्रीति शांडिल्य ने किया है।
विमोचन के बाद पुस्तक की प्रतियां छत्तीसगढ़ की 20 दृष्टिबाधित शालाओं में निःशुल्क वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों तक अधिकार, योजनाओं और प्रेरक सामग्री की सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

