
रायपुर। मंत्री राजेश अग्रवाल व टंकराम वर्मा ने गुरुवार को रायपुर रेलवे स्टेशन पर ‘रामलला दर्शन’ विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। 850 तीर्थयात्रियों का दल अयोध्या में श्री रामलला और वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन का लाभ उठाएगा।
‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा स्टेशन गूंज उठा और श्रद्धालुओं के चेहरों पर पहली बार प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। तीर्थयात्रियों में अयोध्या जाने को लेकर अत्याधिक उत्साह का वातावरण था। अधिकांश श्रद्धालु पहली बार रामलला के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। यात्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। राज्य सरकार की ओर से आईआरसीटीसी व छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के माध्यम से भोजन, आवास, चिकित्सा और भ्रमण सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंध किया गया है। यात्रा के दौरान अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं की सहायता में तत्पर नजर आए और यात्री भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे।
इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पर्यटन मंडल के एमडी विवेक आचार्य, डीजीएम पूनम शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड एवं आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।
अब तक 44,200 श्रद्धालु यात्रा का ले चुके लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की ‘रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत अब तक 52 ट्रेनों के माध्यम से 44,200 श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ ले चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली ट्रेन के रूप में रायपुर से 850 श्रद्धालु रवाना हुए हैं और अब तक कुल 53 ट्रेनों में 45,050 श्रद्धालु इस पावन यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

