
रायपुर। पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
मंत्री राजेश अग्रवाल आज सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में आयोजित मितानिन सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मितानिन बहनों के निःस्वार्थ सेवाभाव, समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी निरंतर जनसेवा पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव, बच्चों के टीकाकरण और पोषण संबंधी जागरूकता में अहम भूमिका निभाती हैं। वे स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण समुदाय के बीच मजबूत सेतु हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को हासिल करने में मितानिन बहनों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

