गुरुवार, 24 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

केलो नदी तट के स्थायी विकास को मिली रफ्तार, 29.99 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

24 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
केलो नदी तट के स्थायी विकास को मिली रफ्तार, 29.99 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में रायगढ़ के खर्राघाट में केलो नदी तट के विकास की दिशा में 29.99 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर जनभागीदारी का संदेश दिया।


परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। सड़क सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, पैदल पथ, घाटों का विकास और सौंदर्यीकरण के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ में ऑक्सीजोन विकसित होगा, जिसमें सघन पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, घाट और व्यायाम एवं स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी।


मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। नदी और घाटों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने नदी में डुबकी लगाकर केलो को नमन भी किया।


खर्राघाट को हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना

खर्राघाट को हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां मॉर्निंग-नाइट वॉक, व्यायाम और परिवारों के लिए सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिली है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी हुआ है और काम दो वर्ष में पूरा किया जाना है। चौधरी ने इसे निर्धारित समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य बताया।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें