शनिवार, 19 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, अब तक 996.5 मिमी बारिश दर्ज

19 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, अब तक 996.5 मिमी बारिश दर्ज
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून मेहरबान है। सीजन के दौरान 1 जून से 19 सितंबर 2026 तक औसतन 996.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह राज्य की इस अवधि की औसत वर्षा 1033.6 मिमी का 96.4 प्रतिशत है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का रुख मिश्रित रहा है।


बलरामपुर में सामान्य से 169.7% अधिक बारिश

सरगुजा संभाग में बलरामपुर सबसे आगे रहा। यहां सामान्य वर्षा के मुकाबले 169.7 प्रतिशत यानी 1488.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 122.6% (1139.9 मिमी) और सूरजपुर में 111.5% (1138.1 मिमी) बारिश हुई। दूसरी ओर सरगुजा में 77.3%, जशपुर में 81.2% और कोरिया में 97.0% बारिश दर्ज हुई।


रायपुर संभाग में सामान्य से अधिक बारिश

रायपुर संभाग में मानसून की स्थिति बेहतर रही। रायपुर जिले में 126.9% (1091.2 मिमी), महासमुंद में 120.8% (1128.5 मिमी), गरियाबंद में 118.0% (1191.9 मिमी), बलौदाबाजार में 109.7% (1007.1 मिमी) और धमतरी में 105.1% (1061.0 मिमी) बारिश दर्ज की गई।


सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 138.5% बारिश

बिलासपुर संभाग में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से काफी अधिक 138.5% (1127.8 मिमी) बारिश हुई। मुंगेली में 112.5%, जांजगीर-चांपा में 103.4%, कोरबा में 97.5%, बिलासपुर में 95.8%, सक्ती में 95.6%, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 90.1% और रायगढ़ में 87.6% बारिश दर्ज की गई।


दुर्ग संभाग में बालोद सबसे आगे

दुर्ग संभाग में बालोद जिले में 106.3% (1057.1 मिमी) बारिश दर्ज हुई। दुर्ग में 98.3%, राजनांदगांव में 94.9%, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 93.0%, कबीरधाम में 83.0%, बेमेतरा में 75.2% और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 71.8% बारिश हुई।


बस्तर संभाग में कांकेर में सबसे कम बारिश

दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी बारिश का असर अलग-अलग रहा। नारायणपुर में सामान्य से अधिक 108.6% (1376.6 मिमी) बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा में 91.4%, कोंडागांव में 81.8% और बस्तर में 80.7% बारिश हुई। बीजापुर में 70.3% और सुकमा में 69.3% बारिश दर्ज की गई। कांकेर में प्रदेश में सबसे कम 67.0% (945.7 मिमी) बारिश रिकॉर्ड हुई।


19 सितंबर को इन जिलों में हुई अच्छी बारिश

दैनिक आंकड़ों के अनुसार 19 सितंबर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3 मिमी, नारायणपुर में 16.5 मिमी और कांकेर में 16.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं जांजगीर-चांपा, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में बारिश नहीं हुई। प्रदेश में इस दिन औसत दैनिक वर्षा 4.0 मिमी रही।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें