शुक्रवार, 17 जुलाई 2026
Logo
Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला बर्खास्त सहायक शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल, जताया आभार

01 मई, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला बर्खास्त सहायक शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल, जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला बर्खास्त सहायक शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल, जताया आभार

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को उनके निवास कार्यालय में बर्खास्त सहायक शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। शिक्षकों के समायोजन के संबंध में कैबिनेट में लिए गए निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रदेश सरकार ने बर्खास्त शिक्षकों को सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे 2600 से अधिक युवाओं ने राहत की सांस ली है। 

      

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उनसे अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का और देश का भविष्य गढ़ना शिक्षकों का सबसे बड़ा कर्तव्य है। आप सभी अपने दायित्व के प्रति सचेत हों और इस भूमिका में सर्वोच्च योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की चिंता पहले दिन से की थी। सभी के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प सरकार ने पहले से ले लिया था।


शिक्षकों के भविष्य की एक नई शुरुआत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ के भविष्य निर्माताओं को नया संबल देगा और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा शिक्षक आने वाले वर्षों में प्रदेश की नई पीढ़ी को दिशा देंगे और छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर अग्रसर करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह निर्णय शिक्षकों के   उज्जवल, सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की एक नई शुरुआत है।


मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बर्खास्त शिक्षकों की नौकरी के संबंध में लगातार चर्चा होती थी। मुख्यमंत्री इतने संवेदनशील है कि उन्होंने पहले ही दिन कहा था कि जितना भी आर्थिक बोझ पड़े राज्य सरकार अपने युवाओं के भविष्य को खतरे में नहीं डालेगी। मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया। इस ऐतिहासिक निर्णय ने पूरे देश में मिसाल कायम की है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें