
रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्तचक्रधर समारोह 2025 की आठवीं संध्या रायगढ़ के रामलीला मैदान में सुर, ताल, छंद और घुंघरू की मधुर लय से सजी। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार रामदास अठावले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, राजा चक्रधर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायगढ़ महापौर, सभापति, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अठावले ने कहा कि राजा चक्रधर सिंह केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। वे एक महान शासक, समाजसेवी और संगीत साधक थे। गरीबों, किसानों, मजदूरों और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उन्होंने कार्य किया और कथक नृत्य को नया आयाम देकर ‘रायगढ़ घराने’ की स्थापना की। यही कारण है कि आज उनकी यह सांगीतिक धरोहर देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान पा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। आदिवासी समाज को सम्मान और न्याय दिलाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। समारोह के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कलाकारों को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

