
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में आम की 250 से अधिक देशी और विदेशी किस्में प्रदर्शित होंगी। इस अवसर पर आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ और देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक शामिल होंगे। आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, इससमें विद्यालयीन व महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं और अन्य लोग भी पंजीयन कर भागीदारी कर सकते हैं।
आम महोत्सव में पंजीयन और प्रवेश निशुल्क
आम महोत्सव में पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है। इस आयोजन में संस्थागत और व्यक्तिगत प्रतियोगी भी सहभागी हो सकते हैं। आम महोत्सव के पहले दिन 29 मई को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। सामान्यजनों के देखने के लिए यह प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में आम की विभिन्न किस्मों के फल, आम के विभिन्न उत्पाद एवं आम के पौधे भी विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आम उत्पादन के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी
आम महोत्सव में 30 मई को आम उगाने वाले किसानों और जिज्ञासुओं के लिए 12 बजे से 4 बजे तक तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता के आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन, आम के विभिन्न उत्पादों के प्रसंस्करण व उनके विपणन के साथ ही आम उत्पादन के लिए छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
आम उत्पादक किसान अपनी सफलता की कहानी बताएंगे
31 मई को आम उत्पादक किसानों व उद्यमियों की सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी 12 से 4 बजे तक सुनाई जाएगी। राष्ट्रीय आम महोत्सव के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागी न्यूनतम 5 से 10 आम प्रति किस्म के साथ भाग ले सकते हैं। आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता में न्यूनतम 250 ग्राम आम के उत्पाद के साथ पंजीयन कर इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

