
रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान करेंगे। समारोह में विभिन्न पुरस्कारों के साथ शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार और राजीव पांडे पुरस्कार सहित अन्य सम्मान शामिल हैं।समारोह में पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को भी मुख्यमंत्री ट्रॉफी दी जाएगी। इनमें विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली टीमों के खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हैं।
समारोह में उपमुख्यमंत्री व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोकन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग शामिल होंगे।
यह आयोजन 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी दिया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

