
रायपुर। नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ आज 15 सितंबर को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में होगा। उद्घाटन समारोह एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी एवं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की मौजूदगी से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलने के साथ प्रदेश में गोल्फ और खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगा औपचारिक शुभारंभ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं विशिष्ट अतिथियों की गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात और प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री एवं आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्यों और प्रदेश में गोल्फ एवं खेल पर्यटन की संभावनाओं पर जानकारी साझा की जाएगी।
गोल्फ प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। बड़े स्तर के गोल्फ आयोजन से नवा रायपुर को आधुनिक खेल, गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है। देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों के आकर्षण से प्रदेश में खेल पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

