रविवार, 13 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

विद्यार्थियों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा स्वीकार: विष्णुदेव साय

13 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
विद्यार्थियों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा स्वीकार: विष्णुदेव साय
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। बीजापुर जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की खबर पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और एसपी को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। 


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर बिना विलंब विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने का प्रयास या कर्तव्य में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। साथ ही प्रदेश के आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रमों में अध्ययनरत बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा के निर्देश दिए हैं। 


मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन, अधीक्षकों व जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति तथा शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा है।


संबंधित विभाग और पुलिस तत्काल समन्वय से कार्रवाई करें 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई केवल शिकायत मिलने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नियमित निरीक्षण, सतत संवाद और प्रभावी निगरानी से असुरक्षित परिस्थितियों की पहले ही पहचान कर उन्हें रोकना जरूरी है। दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या डराने-धमकाने की किसी भी शिकायत पर संबंधित विभाग और पुलिस तत्काल समन्वय से कार्रवाई करें तथा जरूरत पड़ने पर छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।


प्रदेश की बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें, अपने सपने पूरे करें

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए उनके घर की तरह हैं। माता-पिता जिस विश्वास के साथ अपने बच्चों को इन संस्थानों में भेजते हैं, उसकी रक्षा करना शासन-प्रशासन और संस्थान से जुड़े हर अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है। प्रदेश की बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपने पूरे करेंइसके लिए सुरक्षित, भयमुक्त और गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें