
रायपुर। ट्रिपल आईटी नया रायपुर के निदेशक प्रो. ओमप्रकाश व्यास ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ‘आदि वाणी’ परियोजना के अंतर्गत गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल एप के सफल लॉन्च पर प्रो. व्यास और उनकी टीम को बधाई और दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। इस एप के माध्यम से गोंडी बोलने वाले जनजातीय भाई-बहनों की आवाज़ राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह तकनीक उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा और शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की, कि ट्रिपल आईटी नया रायपुर भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचार और समाजोन्मुखी अनुसंधान से प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाएगा। प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस परियोजना में गोंडी भाषा के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से गोंडी से हिंदी और अंग्रेजी और इसके विपरीत अनुवाद संभव होगा। यह सुविधा अब मोबाइल एप के रूप में भी उपलब्ध है, जिससे आम नागरिक इसे आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय के लिए अपनी आवाज को बुलंद करने का अवसर
प्रो. ओमप्रकाश व्यास ने बताया कि इस परियोजना में ट्रिपल आईटी नया रायपुर के साथ-साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान भी सहभागी हैं। ‘आदि वाणी’ परियोजना को केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित किया गया है। इस उपलब्धि से ट्रिपल आई टी नया रायपुर ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी सार्थक उपस्थिति दर्ज कराई है। विशेष रूप से बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय को इस तकनीक से अपनी भाषा और संस्कृति की पहचान सुरक्षित करने और डिजिटल युग में अपनी आवाज को बुलंद करने का अवसर मिलेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

