गुरुवार, 26 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

धान खरीदी: फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन

26 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
धान खरीदी: फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारु बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने खसरा मैपिंग और फसल संबंधी विसंगतियों को दूर करने की कवायद तेज कर दी है। पात्र किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए सभी कलेक्टरों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।


 खसरा मैपिंग की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूरी की जाएगी, जबकि फसल सत्यापन की रिपोर्ट 30 नवंबर 2026 तक शासन को उपलब्ध करानी होगी। खाद्य विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं होने वाले खसरों की मैपिंग कराई जाएगी। इसके लिए सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।


खेतों में पहुंचकर जांचेंगे फसल

डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में अन्य फसल दर्ज होने के बावजूद धान बोने का दावा करने वाले किसानों के खेतों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। डीसीएस और पीवी ऐप में प्रविष्टि का विकल्प नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे खसरों की भी तहसीलदार के माध्यम से मौके पर जांच होगी। सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर खेत में बोई गई वास्तविक फसल और उसका रकबा जांचा जाएगा। प्रत्येक मामले में मौका पंचनामा तैयार करने के साथ स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न करना अनिवार्य होगा।


30 नवंबर तक देनी होगी रिपोर्ट

राज्य शासन ने सत्यापन के बाद सही और मौजूदा जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदित कराने के निर्देश दिए हैं। फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए यह जानकारी 30 नवंबर तक उपलब्ध करानी होगी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर को हुई धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। शासन की इस पहल का उद्देश्य तकनीकी और राजस्व अभिलेखों की विसंगतियों को दूर कर वास्तविक धान उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने का अवसर सुनिश्चित करना है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें