गुरुवार, 26 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

जनदर्शन में दो बच्चों के इलाज की गुहार, सीएम विष्णुदेव साय ने दिखाई संवेदनशीलता

26 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
जनदर्शन में दो बच्चों के इलाज की गुहार, सीएम विष्णुदेव साय ने दिखाई संवेदनशीलता
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में गुरुवार को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के दो बीमार बच्चों के परिजनों ने उनके इलाज की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए और कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए।


राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू ने बताया कि प्रीमैच्योर जन्म के कारण बेटे को दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब उसे मोतियाबिंद की समस्या है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के लिए लाखों रुपये का खर्च बताया गया है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इसी तरह रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता मांगने पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों बेटों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन हो चुका है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण छोटे बेटे का उपचार नहीं हो पा रहा। पत्नी के निधन के बाद वे मां और बहन के सहयोग से दोनों बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने छयांश के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


खेल प्रतिभाओं को भी मिला प्रोत्साहन

जनदर्शन में नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनें सना और सानिया भी मुख्यमंत्री से मिलीं। दोनों ने गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक हासिल किए हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई के साथ खेल में भी सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों और पढ़ाई-खेल के बीच संतुलन की सराहना करते हुए भविष्य में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें