
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को मजबूत करता रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का कल्याण और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
नक्सलवाद के खिलाफ जवानों का ऐतिहासिक योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नियद नेल्लानार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जा रहा है।
एक वर्ष में छह जवान शहीद, 84 नक्सली मारे गए
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जवानों का त्याग पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शहीद परिवारों के साहस और समर्पण को नमन किया।
शहीदों की स्मृति में अर्पित किए पुष्प
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका में अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीदों का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

