
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव के मद्देनजर माहौल गरमाता जा रहा है। चुनाव से पहले किए वादों को लेकर राजनीति का रुख बदलने लगा है। छत्तीसगढ़ में 36 वादों की रजानीति तूल पकड़ने लगी है। बीजेपी कांग्रेस की बघेल सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाती रही है, ऐसे में कांग्रेस ने भी इसका करारा जवाब दिया है। कांग्रेस ने बीजेपी के नेताओं को 34 वादे पूरे किए जाने की लिस्ट भेजी है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को बंद लिफाफे में ये लिस्ट भेजी गई है।
उधर कांग्रेस का कहना है, बीजेपी नेता कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर जनता को गुमराह कर रहे है, झूठ बोल रहे हैं, वादाखलाफी का मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। इसलिए कांग्रेस ने पूरे किए गए वादों की लिस्ट भेजने का फैसला लिया। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के निवास के पते पर कांग्रेस सरकार में 34 वादों के पूरा होने की सूची के साथ बीजेपी के 2003, 2008, 2013 के झूठ का पुलिंदा लिफाफा में बंद करके भेजने की बात कही है। ताकि भाजपा नेता कांग्रेस के घोषणा पत्र और अपने घोषणा पत्र को ईमानदारी से पढ़ें और आत्म अवलोकन करें कि किस प्रकार जनता से किए वादे को पूरा किया जाता है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, बघेल की सरकार जो कहती है उसको पूरा करती है। कांग्रेस ने 2018 के घोषणा पत्र में 36 बिंदुओं को समाहित किया था, सरकार बनने के बाद अब तक घोषणा पत्र के 34 वादों पर कांग्रेस की सरकार ने पूर्णता काम किया है, जिससे प्रदेश की जनता खुशहाल हुई है और बचे दो बिंदुओं को पूरा करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। कांग्रेस सरकार में चलाए जा रही योजनाओं के लाभार्थी पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, अरुण साव समेत बीजेपी के सभी नेता और कार्यकर्ता है। वहीं धनंजय का कहना है की, दलीय प्रतिबद्धता के चलते बड़े नेता जनता के बीच झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर झूठ बोलने वाले बीजेपी नेताओं को आईना दिखने यह घोषणा पत्र भेजा गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

