बुधवार, 04 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, फिल्म नीति के नवीनीकरण पर हुआ मंथन

04 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, फिल्म नीति के नवीनीकरण पर हुआ मंथन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने तथा पर्यटन विकास के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की फिल्म नीति के नवीनीकरण, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।


मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माताओं के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त और संभावनाशील स्थलों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के संबंध में भी चर्चा की गई। 


बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


चित्रोत्पला फिल्म सिटी और फिल्म नीति पर चर्चा

बैठक में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही राज्य की फिल्म नीति को अधिक प्रभावी बनाने और छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। फिल्म शूटिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें