
रायपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सोमवार को ‘निर्माण भवन’ में सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और कार्यपालन अभियंताओं की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मार्च-2026 तक स्वीकृत कार्यों के 30 जून तक निविदा आमंत्रित कर 31 जुलाई तक कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए। जिससे बारिश के तत्काल बाद ये काम शुरू किए जा सकें।
पीडब्ल्यूडी सचिव ने छत्तीसगढ़ से गुजर रहे भारतमाला परियोजनाओं की सड़कों से राज्य की सड़कों को जोड़ने और फोरलेन सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना बनाने के लिए कहा। जिससे भारतमाला सड़कों का पूरा लाभ राज्य को भी मिल सके। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी और अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव भी बैठक में मौजूद थे। विभाग के सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।
पीडब्ल्यूडी सचिव की ओर से दिए गए निर्देश
. वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल प्रदेशभर की 36 द्रुतगामी सड़कों के साथ ही दूरस्थ अंचलों के पहुंचविहीन गांवों के लिए भी प्राथमिकता से सड़कों व पुलों की कार्ययोजना तैयार की जाए।
. वर्तमान वित्तीय वर्ष और पिछले वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 10 जून तक भेज दी जाए।
. नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में (रोड कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट इन लेफ्ट विंग एक्स्ट्रामिस्म एरियाज) के कार्यों को हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाए।
. ठेकेदारों की ओर से किए गए कार्यों का परीक्षण कर समय पर उनका भुगतान किया जाए।
. विभिन्न आयोजनों और कार्यक्रमों के देयकों का भुगतान एक माह के भीतर कर दिया जाए। भुगतान के पहले सभी कार्यों का कड़ाई से सत्यापन भी किया जाए।.
. 31 मार्च 2026 तक किए गए कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र और फाइनल बिल समीक्षा के लिए भेजा जाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

