
रायपुर। राजनांदगांव की युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
ज्ञानेश्वरी यादव ने 53 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए रजत और कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने एशियाई स्तर पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव आने वाले समय में देश के लिए और बड़े कीर्तिमान स्थापित करेंगी और युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

