
रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सारंगढ़-बिलाईगढ जिले के छुहीपाली में सीड बॉल का बीजारोपण किया। जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे 'सीड बॉल अभियान' के तहत छुहीपाली स्थित पठारी क्षेत्र में 5 हजार सीड बॉल का वृहद बीजारोपण किया व नवनिर्मित डबरी की मेड़ पर 30 पौधों का रोपण किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 'वीबीजीरामजी' योजना और 'बिहान' समूह की महिलाओं के विशेष उत्साह के बीच आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सीड बॉल अभियान एक पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण की तकनीक है। इसमें मिट्टी, खाद और बीजों को मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां (सीड बॉल) बनाई जाती हैं। इन्हें सूखने के बाद खाली और दुर्गम जमीनों या पहाड़ियों पर फेंक दिया जाता है। बारिश का पानी मिलने पर मिट्टी गल जाती है और बीज स्वतः अंकुरित होकर पौधा बन जाते हैं l
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक केराबाई मनहर,कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक सहित बिहान की महिला सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
जल स्तर को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पर्यावरण को सहेजना और भू-जल स्तर को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छुहीपाली के इस पहाड़ी क्षेत्र में सीड बॉल बीजारोपण और स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण न केवल मृदा और जल संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, बल्कि इससे बारिश के मौसम में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। हमारी सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने और पर्यावरण संवर्धन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

