शनिवार, 02 मई 2026
Logo
Chhattisgarh

बेमेतरा जिले में बनने के थोड़े समय बाद ही जर्जर हुई सड़क, सीएम साय ने कहा- निर्माण गुणवत्ता में नहीं चलेगी जरा भी लापरवाही

02 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
बेमेतरा जिले में बनने के थोड़े समय बाद ही जर्जर हुई सड़क, सीएम साय ने कहा- निर्माण गुणवत्ता में नहीं चलेगी जरा भी लापरवाही
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी क्षेत्र में थोड़े समय पहले बनी सीसी रोड क्षतिग्रस्त हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही पूरी तरह अस्वीकार्य है।


मुख्यमंत्री ने बेमेतरा की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से फोन पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित सीसी रोड का तकनीकी परीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और पर्यवेक्षण व्यवस्था की समग्र जांच की जाए।


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी, मानकों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल फिर से बनवा कर आमजन को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा की जाए

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी निर्देश दिए कि जिले में संचालित अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा की जाए, जिससे कहीं और इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की मूल जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


लापरवाही करने वालों के विरुद्ध जवाबदेही तय होगी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई अनिवार्य होगी। उन्होंने  निर्देश दिए कि सतत मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और प्रभावी गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र के माध्यम से विकास कार्यों की विश्वसनीयता एवं टिकाऊपन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें