
रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में चल रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत आयोजित पुरुष वर्ग के 88 किलोग्राम भारोत्तोलन प्रतियोगिता में अरुणाचल के रुबा ताडु चैंपियन बने हैं। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। कई कड़े मुकाबले देखने को मिले।
अरुणाचल प्रदेश के रुबा ताडु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 274 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 117 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 157 किग्रा वजन उठाकर शीर्ष स्थान सुनिश्चित किया। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के देवरकोंडा प्रेम सागर रहे। उन्होंने कुल 270 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के ही सोरम हिटलर टाग्रू ने 262 किलोग्राम के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया।
ओडिशा के सनातन मलिक (249 किग्रा) चौथे स्थान पर रहे, जबकि असम के प्रीतम सोनोवाल (248 किग्रा) ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। मध्यप्रदेश के पृथ्वीराज चौहान (226 किग्रा) छठे स्थान पर रहे। त्रिपुरा के डेनियल जमातिया (192 किग्रा), गोवा के एलेस्टर गोम्स (152 किग्रा), तेलंगाना के सिद्दाबोइना नवीन (146 किग्रा) और छत्तीसगढ़ के छत्रपाल ठाकुर (130 किग्रा) ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने-अपने प्रदर्शन से अनुभव हासिल किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

