
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। जल और जंगल बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। स्काउट्स एवं गाइड्स जल संचयन, वनों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए युवाओं से समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
राज्यपाल गुरुवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर के 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की। समारोह में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।
पुरस्कार के साथ बढ़ती है जिम्मेदारी
राज्यपाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ हर परिस्थिति में जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। पुरस्कार मिलना गर्व की बात है, लेकिन इससे जिम्मेदारी भी बढ़ती है। सम्मानित प्रतिभागी समाजसेवा में योगदान दें और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने बस्तर से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता जताते हुए युवाओं को कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया।
1122 प्रतिभागियों को मिला सम्मान
समारोह में 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्य पुरस्कार दिए गए। उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्काउटर योगेश्वर प्रसाद गांगुली, सर्वश्रेष्ठ गाइडर तनुजा बंजारे और लता वैष्णव सहित विभिन्न श्रेणियों में चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। स्काउटिंग के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए छह लोगों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित हुई।
स्काउटिंग सिखाती है सेवा और अनुशासन
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों को मजबूत करती है। इससे जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

