गुरुवार, 20 अगस्त 2026
Logo
Chhattisgarh

बीएससी कृषि काउंसलिंग में सीट और महाविद्यालय आवंटित, 22 अगस्त तक होगी प्रमाणपत्रों की जांच

20 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
बीएससी कृषि काउंसलिंग में सीट और महाविद्यालय आवंटित, 22 अगस्त तक होगी प्रमाणपत्रों की जांच
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय और निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीएससी कृषि (ऑनर्स) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय आवंटित कर दिया गया है।


चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण 20 से 22 अगस्त तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। आवंटित प्रोविजनल सीट सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त के बीच ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। काउंसलिंग समिति की अध्यक्ष व कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि सीट आवंटन के बाद यदि कोई अभ्यर्थी अपनी सीट सुरक्षित नहीं कर पाता और आगामी काउंसलिंग चरण में शामिल होना चाहता है, तो उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा।


जिन अभ्यर्थियों को अब तक कोई सीट आवंटित नहीं हुई है, वे स्पॉट और कन्वर्शन काउंसलिंग में शामिल होने के लिए 20 से 24 अगस्त की रात 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवंटित सीट सुरक्षित करने के बाद यदि कोई अभ्यर्थी सीट निरस्त कर आगे की किसी भी प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहता है, तो उसे भी 20 से 24 अगस्त की रात 11:30 बजे तक सीट निरस्त करनी होगी।


आवंटित व रिक्त सीटों की जानकारी 25 को की जाएगी जारी

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की ओर से आवंटित और रिक्त सीटों की जानकारी 25 अगस्त को जारी की जाएगी। इसी दिन स्पॉट व कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। स्पॉट काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्रों की जांच और ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए इन्हीं तिथियों में कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा।


विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं काउंसलिंग की जानकारी 

कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय आवंटन के साथ दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में होगी। काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश व अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की वेबसाइट "www.igkv.ac.in"(https://reference-url-citation.invalid/0) देख सकते हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें