
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 28 और 29 सितंबर को रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित मानदंडों के अनुरूप कराने के निर्देश छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को दिए गए हैं। ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने के साथ चयनित 6 टीमों की सूची और पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट खेल संचालनालय को सौंपने को कहा गया है।
ट्रायल के तकनीकी और आयोजन संबंधी समन्वय की जिम्मेदारी खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का और वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को दी गई है।
21 अक्टूबर से शुरू होगी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेला जाएगा। इसमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स सहित छह टीमें हिस्सा लेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

