
रायपुर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव का असर अब वन्यजीवों पर पड़ रहा है। खैरागढ़ वन क्षेत्र में 15 वन्यजीव और पक्षी मृत अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की गई। साथ में वन्यजीवों और पक्षियों को भीषण गर्मी से बचने के लिए 3 अस्थायी वाटर होल बनाए गए हैं।
वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और हीट वेव की वजह से वन्यजीवों और पक्षियों की मौत हुई। जांच को पुख्ता करने के लिए आसपास के जल स्रोतों और मिट्टी के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। भीषण गर्मी से वन्यजीवों को राहत देने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में 3 अस्थायी वाटर होल तैयार किए हैं। इनमें नियमित रूप से पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी वाटर होल बनाए जा रहे हैं, ताकि वन्यजीवों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। ट्रैप कैमरों के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही वन अमला नियमित गश्त कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। वन मंडलाधिकारी पंकज सिंह राजपूत के मुताबिक वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर विभाग पूरी गंभीरता से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अपील के साथ कंट्रोल रूम का नंबर जारी
स्थानीय ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई वन्यप्राणी या पक्षी घायल, बीमार, असामान्य स्थिति में या मृत अवस्था में दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वन विभाग ने सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 247 तथा मोबाइल नंबर 9301321797 जारी किया है। विभाग ने कहा है कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

