
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सरगुजा जिला मुख्यालय में एक दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन में महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसरों और प्रदेश के विकास को प्रमुखता दी जाएगी। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से विकास योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्यक्रम को गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर तक सरगुजा जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया है। राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

