शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि

13 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले में धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। समारोह में प्रदेशभर से विभिन्न जनजातीय समाजों के 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।


समारोह की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी आयोजन स्थल पहुंचे। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सुरक्षा और आवागमन सहित तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। पेयजल, बिजली और स्वच्छता की व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।


इस दौरान अरुणधर दीवान, जगन्नाथ पाणिग्राही, गोपाल अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


जनजातीय संस्कृति और विकास की दिखेगी झलक

समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों के साथ सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां प्रदर्शित होंगी। ओपी चौधरी ने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी के जरिए युवाओं को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत और उपलब्धियों से परिचित कराया जाए।


वीर नायकों के संघर्ष व बलिदान को याद करने का अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल स्मृति दिवस नहीं, बल्कि उन वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषण के खिलाफ लड़ाई लड़ी। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे जननायकों का योगदान देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।


15 नवंबर को हुआ था बिरसा मुंडा का जन्म

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। आदिवासी समाज उन्हें 'धरती आबा' के नाम से सम्मान देता है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हुआ। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें