
रायपुर। ’नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना’ विषय पर होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में 2 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। सीएम विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा करेंगे।
कार्यशाला की आयोजन का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अधिक सशक्त, सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है। यह कार्यशाला नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और न्याय प्रणाली में डिजिटल तकनीकों के समावेश के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया को अधिक दक्ष, पारदर्शी व जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। कार्यशाला न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ नवीन तकनीकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भी आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव व न्यायमूर्ति चंद्रवंशी की उपस्थिति रहेगी। उच्च न्यायालय, बिलासपुर के अन्य न्यायाधीशगण भी कार्यक्रम में सहभागी होंगे। राज्य स्तरीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य की न्यायिक सेवा के अधिकारीगण, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक सहित पुलिस एवं न्यायिक तंत्र के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
कार्यशाला में इन विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा
कार्यशाला के दौरान अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली, अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणाली, डिजिटल न्यायिक समन्वय, नवीन आपराधिक कानूनों के अंतर्गत तकनीकी एकीकरण तथा न्याय एवं पुलिस व्यवस्था के डिजिटलीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा। इन विषयों के संबंध में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र व राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी विषय विशेषज्ञ के रूप में तकनीकी प्रशिक्षण एवं विस्तृत प्रस्तुतीकरण देंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

