
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने मानव तस्करी और घरेलू हिंसा को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए इनके खिलाफ कानूनों का सख्ती से पालन और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों का निष्पक्षता से त्वरित निराकरण हो और पीड़ितों की मदद के लिए समाज व स्वयंसेवी संगठन आगे आएं।
राज्यपाल रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मानव तस्करी अब केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के चलते भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और जवाबदेही तय करना जरूरी है।
सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
राज्यपाल ने घरेलू हिंसा के बढ़ते प्रभावों पर चिंता जताते हुए कहा कि अशिक्षा, बेरोजगारी और पारिवारिक परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। इसका असर केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने ऐसे मामलों में जरूरत के अनुसार काउंसलिंग की व्यवस्था करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
सुझावों व निष्कर्षों को जमीन पर लागू करना जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। मीडिया भी जागरूकता और सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने ने कार्यशाला में होने वाले विचार-विमर्श को केवल चर्चा तक सीमित न रखने की बात कही। इसमें निकलने वाले सुझावों और निष्कर्षों को जमीन पर लागू करना जरूरी है।
घरेलू हिंसा के मामलों के तत्काल निराकरण पर जोर
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने बताया कि प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों के त्वरित निराकरण की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

