
एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में कई खूबसूरत जलप्रपात हैं। इसमें अमृतधारा, रमदहा और कर्म घोंघा जिले की प्रमुख हैं। यहां लगातार पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है और लापरवाही भरे व्यवहार से कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसको देखते हुए सख्ती की जा रही है। जलप्रपात के आसपास किसी को नहाते या सेल्फी लेते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले दिवस नागपुर तहसीलदार समीर शर्मा के नेतृत्व में अमृतधारा जलप्रपात पर कार्रवाई की गई। वहीं, मनेंद्रगढ़ बस स्टैंड के पास रहने वाले कृष गुप्ता पिता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता (उम्र 19 वर्ष) और मोहम्मद अरशद पिता समीम कुरैशी (उम्र 20) वर्ष निवासी लोको कॉलोनी मनेंद्रगढ के दोनों युवक अमृतधारा जलप्रपात पर पहुंचे थे। इन्हें जलप्रपात के नीचे पानी के बेहद करीब नहाते हुए देखा गया, जिसके चलते इन्हें तत्काल गिरफ्तार कर थाना नागपुर ले जाया गया। थाने में परिजनों के आग्रह पर दोनों युवकों को सख्ती से समझाकर रिहा किया गया।
यह पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी जिले के विभिन्न जलप्रपातों में इस तरह की लापरवाहियों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी की है।
जिला प्रशासन ने जारी किया यह स्पष्ट संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति चाहे वह अकेले हो या समूह में जलप्रपात के आसपास नहाते हुए या सेल्फी लेते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानूनी प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद सुरक्षित दूरी से लें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

