शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य, उद्योग मंत्री ने कहा- पिछले वर्ष करीब 18 हजार करोड़ रुपए का रहा निर्यात

12 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य, उद्योग मंत्री ने कहा- पिछले वर्ष करीब 18 हजार करोड़ रुपए का रहा निर्यात
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने और निर्यात दोगुना करने के लक्ष्य के साथ रायपुर में राज्य स्तरीय एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता) कार्यशाला आयोजित की गई। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 अधिसूचित की गई है। राज्य के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। 


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, विदेश व्यापार महानिदेशालय और आईटीपीओ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों और मुक्त व्यापार समझौतों के लाभों की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ का निर्यात करीब 18 हजार करोड़ रुपए रहा। इसमें चावल, इस्पात, फेरो-एलॉय और एल्युमीनियम की प्रमुख भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास और निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। वनोपज आधारित उत्पादों की भी वैश्विक बाजार में अच्छी मांग है। 


एफटीए का लाभ दिलाने के लिए चार अहम घोषणाएं

उद्योग मंत्री ने निर्यातकों को एफटीए का लाभ दिलाने के लिए चार अहम घोषणाएं भी कीं। इनमें प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ एफटीए एक्सेलेटर की शुरुआत, दिसंबर 2026 में एफटीए मार्गदर्शिका का अंग्रेजी और जनवरी 2027 में हिंदी संस्करण जारी करना शामिल है। इसके अलावा फरवरी 2027 तक सभी संभागों में एफटीए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। निर्यातकों की सहायता के लिए उद्योग संचालनालय में 15 जनवरी 2027 से एफटीए हेल्पडेस्क भी शुरू होगा।


निर्यात की संभावनाओं पर हुई चर्चा

कार्यशाला में भारत के संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड सहित विभिन्न देशों के साथ हुए व्यापारिक समझौतों के जरिए निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा हुई। तकनीकी सत्र में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव मनीष छाबड़ा ने एफटीए की कार्यप्रणाली और भारतीय निर्यातकों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।


जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर 

जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार बंसल, संचालक उद्योग प्रभात मलिक सहित विभिन्न जिलों के उद्योग संचालक और उद्यमी मौजूद रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें