
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने शानदार हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस रोमांचकारी प्रदर्शन में शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवानों ने साहस, अनुशासन और अद्भुत हवाई कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
नवा रायपुर के सेंध लेक में 2 नवंबर को सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इसमें आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जाँबाज अपने साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। यह युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
- सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन: ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए।
- आकाशगंगा टीम की शानदार शुरुआत: स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की।
- गरुड़ कमांडोज का विशेष ऑपरेशन: एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरकर कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।
- क्रॉसओवर करतब ने थामी सांसें: सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों ने बेहद नजदीक से एक-दूसरे को क्रॉस करते हुए शानदार हवाई करतब दिखाए।
- गूंजा 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया': सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से प्रदेशवासियों का इस लोकप्रिय उद्घोष के साथ अभिवादन किया।
- तिरंगे की फॉर्मेशन से समापन: 'वंदे मातरम्' की गूंज के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
- दुनियाभर में भारत का गौरव: सारंग विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

