
रायपुर। भटगांव विधायक व मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के सात धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ निर्माण और समतलीकरण कार्य के लिए कुल 69.58 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। प्रत्येक केंद्र के लिए 9.94 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत कार्यों के तहत सूरजपुर विकासखंड के टमकी, सिरसी, करोटी बी, खोपो, बतरा, सांवारांवां एवं कुर्रीडीह स्थित धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ का निर्माण और समतलीकरण किया जाएगा। पक्के फड़ निर्माण एवं समतलीकरण से इन केंद्रों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और धान की आवक, खरीदी तथा रख-रखाव के दौरान होने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को धान बेचने के दौरान अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने के क्रम में यह स्वीकृति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होने के साथ किसानों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

