सोमवार, 02 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

वायु सेना का भव्य एयर-शो, आकाशगंगा और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों को किया रोमांचित

02 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
वायु सेना का भव्य एयर-शो, आकाशगंगा और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों को किया रोमांचित
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक के आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का भव्य प्रदर्शन हुआ। विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के एयर-शो में पांच हेलीकॉप्टरों की रोमांचक फॉर्मेशन, हैरतअंगेज क्रॉसओवर करतब और तिरंगे की मनमोहक छटा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


 राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम में शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया। एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों की पैराशूट जंप से हुई। हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर जवानों ने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने पैराशूट लैंडिंग, एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग तथा रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर ने थाम दीं सांसें

एयर-शो का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम की प्रस्तुति रही। पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक साथ आकर्षक फॉर्मेशन बनाते हुए अपने उत्कृष्ट उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टरों के बेहद नजदीक से गुजरने वाले क्रॉसओवर करतब ने दर्शकों की सांसें थाम दीं। सटीक नियंत्रण, अनुशासन और आपसी समन्वय का शानदार उदाहरण पेश करते हुए टीम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।


राज्यपाल ने कहा, युवाओं के लिए प्रेरणादायी प्रदर्शन

राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जांबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर सारंग टीम का आयोजन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों का साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।


सारंग का अर्थ मोर, यह देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक

राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर है, जो देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है। इसी तरह सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें