
रायपुर। संस्कृति व राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन मांगे हैं। अंतिम तिथि 31 अगस्त है। चयनित कलाकारों को मिलेंगे प्रतिवर्ष 12-24 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के तौर पर मिलेंगे।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा।
चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपए से अधिकतम 24 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी। आवेदन- (संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) - 492018) पर भेजना है।
इनको ही मिलेगा योजना का लाभ
योजना का लाभ केवल ऐसे कलाकारों को मिलेगा, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपए से अधिक नहीं है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी आय प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड व पैन कार्ड की छायाप्रति भी लगानी होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

