
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों की ओर से किए गए कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना होगा। वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं, जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि यह घटना अत्यंत ही दुखद है। उन्होंने एएसपी की शहादत को नमन किया और कहा कि इस कायराना हमले में कुछ अन्य अधिकारी और जवानों के भी घायल होने की सूचना मिली है। घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है।
बौखलाकर नक्सली कायराना करतूतों को दे रहे हैं अंजाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की ओर से एक बड़ी लड़ाई लड़ी रही है, जिसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी से बौखलाकर नक्सली इस तरह की कायराना करतूतों को अंजाम दे रहे हैं। नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

