
रायपुर। दिल्ली के भारत मंडपम में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं की अनूठी छटा बिखरेगी। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत आयोजित राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के कलाकार गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर जीवंत करेंगे।
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से होने वाले समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्षता करेंगे। सात पारंपरिक लोकनृत्यों के जरिए कलाकार प्रदेश के जनजातीय जीवन, लोक आस्था, सामाजिक परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति की झलक पेश करेंगे। बस्तर का गौर नृत्य जहां जनजातीय परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाएगा, वहीं राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान, सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक अभिव्यक्ति और पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा को सामने लाएगा। करमा, गौरा-गौरी और भोजली की प्रस्तुतियां भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित राज्य दिवस समारोह का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।
हस्तशिल्प से लेकर कोसा सिल्क तक दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से बने हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा की पहचान पेश कर रहे हैं। आगंतुकों को चित्रकोट जलप्रपात का वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचारों के जरिए प्रदेश में स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

