
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया गौरव मिला है। देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश के धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनप्रतिनिधियों व श्रद्धालुओं के साथ गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई पूजा-अर्चना को देखा और कर उनका संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ था और इसी ऐतिहासिक अवसर को देशभर में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार बाहरी आक्रांताओं ने हमले किए, लेकिन मंदिर की आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका। पहली बार आक्रमण के दौरान मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर नहीं छोड़ा और अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका त्याग आज भी इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। विधायक पुरन्दर मिश्रा, निशक्तजन वित्त व विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल उपस्थित रहे।
सनातन संस्कृति व आस्था केंद्रों के संरक्षण-संवर्धन का कार्य लगातार हो रहा: केदार कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति और आस्था केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे मुखिया भी प्रदेश में धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ ही विभिन्न योजनों के माध्यम से लोगों को आस्था से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
सोमनाथ मंदिर देश की संस्कृति, वैभव और स्वाभिमान का प्रतीक: टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश की संस्कृति, वैभव और स्वाभिमान का प्रतीक है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सल उन्मूलन के बाद पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है।
सोमनाथ मंदिर सनातनियों के आस्था का बड़ा केंद्र: रामविचार नेताम
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सोमनाथ मंदिर सनातनियों के आस्था का बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा कि हजार वर्षों के इतिहास में अनेक आक्रमणों के बावजूद सनातन संस्कृति की आस्था को कोई डिगा नहीं पाया है और न कभी ऐसा होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

