
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया। इस परियोजना में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 3,500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता निवेश को रोजगार, आर्थिक मजबूती और प्रदेश की समृद्धि से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 के तहत श्रम आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे कम पूंजी निवेश में अधिक रोजगार के अवसर पैदा हों। टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र देना औद्योगिक निवेश की सबसे सार्थक उपलब्धियों में से एक है, क्योंकि रोजगार से व्यक्ति के साथ उसका पूरा परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होता है। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने की पहल के लिए यश ग्रुप की सराहना की।
सरकार का जोर निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारना
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को नई औद्योगिक नीति के तहत साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। अब सरकार का जोर इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने और उत्पादन व रोजगार की शुरुआत जल्द कराने पर है। निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जन विश्वास से जुड़े सुधारों के तहत 279 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने की पहल भी की गई है।
नई औद्योगिक नीति में रोजगार सृजन को दिया महत्व
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में निवेश की राशि के साथ रोजगार सृजन को भी महत्व दिया गया है। उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सब्सिडी का बजटीय प्रावधान लगभग 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक किया गया है।
50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में तीन हजार से अधिक छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आगामी औद्योगिक परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

