
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर आसमान में सटीक समन्वय और साहसिक करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह एयर शो युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा।
दो महिला पायलट भी टीम में शामिल
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम पांच हेलीकॉप्टरों के साथ हवाई प्रदर्शन करेगी। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया के रूप में दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सहभागिता को प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर है। सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का जज्बा मजबूत करेगा।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों का दिखेगा दम
सारंग टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के जरिए अपने प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखती है। टीम के पायलट कठिन हवाई संरचनाओं और सामूहिक उड़ान के दौरान असाधारण तालमेल, एकाग्रता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हैं। हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है।
आयोजन प्रदेशवासियों के लिए यादगार अनुभव बनेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की तकनीकी क्षमता को भी प्रदर्शित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्योत्सव का यह आयोजन प्रदेशवासियों के लिए यादगार अनुभव बनेगा और युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी उद्देश्य
मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य हवाई करतबों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ युवाओं को साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

