गुरुवार, 09 जुलाई 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा, प्रदेश सरकार ने लिया निर्णय

09 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ में नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा, प्रदेश सरकार ने लिया निर्णय
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से प्रदेश में शिक्षा सत्र का संचालन अब प्रतिवर्ष एक अप्रैल से 31 मार्च तक किया जाएगा। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र भेजकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।


अभी तक प्रदेश में शैक्षणिक सत्र संचालन की अवधि 16 जून से 30 अप्रैल है। इस शिक्षा सत्र को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों और मंडलों के समान ही नया सत्र एक अप्रैल से शुरू होकर अगले वर्ष 31 मार्च तक चलेगा। हालांकि, छात्रों को मिलने वाले ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई कटौती नहीं की गई है। एक मई से 15 जून तक का ग्रीष्मकालीन अवकाश पहले की तरह ही यथावत रहेगा।


बदलाव को पूरी तरह प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने कड़े निर्देश दिए हैं। अब से हर साल 01 अप्रैल को सत्र शुरू होने के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती सायकल योजना के तहत सायकलों का वितरण, स्कूली यूनिफॉर्म का वितरण, अन्य सभी छात्रहितैषी योजनाएं और गतिविधियां अनिवार्य रूप से प्रारंभ कर दी जाएंगी।


 प्रदेश सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र के शुरुआती दिनों से ही पढ़ाई के लिए सभी आवश्यक सामग्रियां और सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी। इससे न केवल छात्रों का समय बचेगा, बल्कि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण रूप से संचालित हो सकेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें