
रायपुर। जिला बालोद के डौण्डी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला, चिपरा के प्रधानपाठक सरजूराम ठाकुर विद्यालय में ही शराब पीते हुए पाया गया। वह कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब भरे हुए थे। मामला संज्ञान में आने पर शिक्षा विभाग ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी पीसी मरकले की ओर से की गई है।
विद्यालय में 24 जून 2025 को कुसुमकसा मंडल के भाजपा नेता स्कूल का निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि प्रधानपाठक कोल्ड ड्रिंक की बोतल से कुछ पी रहे थे। भाजपा नेता ने प्रधान पाठक से बातचीत शुरू की तो वह लड़खड़ाते हुए जवाब दे रहे थे। इससे भाजपा नेता को शक हुआ और उन्होंने पास जाकर देखा तो पता चला कि कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब भरी हुई थी। इसकी जानकारी भाजपा नेता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी।
जिला शिक्षा अधिकारी पीसी मरकले के मुताबिक 24 जून को प्रधानपाठक सरजूराम ठाकुर को विद्यालय के अपने कक्ष में मदिरा पीते हुए पाया गया। इस कृत्य से न केवल विभाग की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि उनका यह कृत्य शिक्षक जैसे मर्यादित पद की गंभीर अवहेलना भी है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, डौण्डी की ओर से इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। जांच के बाद प्रधानपाठक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, डौण्डी, जिला बालोद निर्धारित किया गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

