
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे युवा अपने ज्ञान, प्रतिभा और नवाचार का उपयोग व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ समाज और राष्ट्रहित में भी करें। उपमुख्यमंत्री रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। आज के युवा ही आने वाले समय में देश का नेतृत्व करेंगे। ऐसे में उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देना चाहिए। सम्मेलन का आयोजन एनआईटी रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी ने संयुक्त रूप से किया।
समापन सत्र में उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ, प्राध्यापक और वैज्ञानिक शामिल हुए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

