
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में आगामी राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और सुशासन के क्षेत्र में राज्य की उत्कृष्ट पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव विकासशील ने विभागीय सचिवों को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्धियां और गुणात्मक सुधारों की जानकारी तैयार करने को कहा। साथ ही, एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए पिछले सम्मेलन के निर्णयों और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ियों में खिलौना बैंक की सराहना
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक पहल को विशेष महत्व दिया गया। इसके तहत लोग बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास में किया जाता है। इस पहल के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।
विकसित भारत 2047 पर होगा मंथन
राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप चार प्रमुख सत्रों में विकास की प्राथमिकताओं, आर्थिक वृद्धि, राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में तकनीक के उपयोग और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य-पोषण, उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दे भी शामिल होंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

