सोमवार, 31 अगस्त 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई पहचान देने वालों को मिलेगा सम्मान, 15 सितंबर तक आवेदन का मौका

31 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई पहचान देने वालों को मिलेगा सम्मान, 15 सितंबर तक आवेदन का मौका
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं, जिलों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ की घोषणा की है। पुरस्कार के तहत पर्यटन क्षेत्र की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।


इस पहल में पर्यटन को केवल गंतव्यों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि होटल, टूर ऑपरेटर, जिला प्रशासन, स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े हितधारकों को भी सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है।


10 श्रेणियों में दिया जाएगा पुरस्कार

पुरस्कार के लिए 10 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इसमें 

सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, CTB Star Performer-सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, CTB Star Performer-पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म शामिल हैं।


प्रदर्शन के साथ नवाचार और रोजगार भी कसौटी

होटल और टूर ऑपरेटर के चयन में केवल कारोबार नहीं, बल्कि पर्यटन प्रचार, ग्राहक सेवाएं, सतत पर्यटन, CSR, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड में पर्यटन स्थलों के विकास, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और रोजगार सृजन जैसे मानकों पर जिलों का मूल्यांकन होगा।


स्टार्टअप और डिजिटल प्रमोशन पर फोकस

पर्यटन क्षेत्र में नए विचार, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडल विकसित करने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर प्रभावी रील्स, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य की ब्रांडिंग करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को मौका मिलेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन का आधार बनाया जाएगा।


सतत पर्यटन व स्थानीय भागीदारी को प्राथमिकता

इको-टूरिज्म साइट के लिए पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी प्रमुख कसौटियां होंगी। परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना अनिवार्य है। वहीं, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में बुकिंग, राजस्व, पर्यटक संख्या, ग्राहक समीक्षा, सुविधाएं, शिकायत निवारण और स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा।


एडवेंचर टूरिज्म में सुरक्षा और नए अनुभव पर जोर

कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले संचालकों के लिए भी पुरस्कार रखा गया है। गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या, राजस्व, नए एडवेंचर प्रोडक्ट, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण पर्यटक अनुभव इसके प्रमुख मूल्यांकन मानक होंगे। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट "tourism.cgstate.gov.in" (https://reference-url-citation.invalid/0) पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें