
रायपुर। वित्त मंत्री व सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वित्त मंत्री ने सुशासन तिहार शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के शेष आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने और जनप्रतिनिधियों को स्वीकृत आवासों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
वृक्षों की अवैध कटाई रोकने और व्यापक वृक्षारोपण के दिए निर्देश
वित्त मंत्री ने अम्बिकापुर शहर में पेयजल व बिजली आपूर्ति की समस्याओं के तत्काल समाधान, सड़कों के निरीक्षण, आवश्यक मरम्मत और बारिश से पहले निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने वृक्षों की अवैध कटाई रोकने और व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश दिए। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि व फसल क्षति के मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा।
वित्त मंत्री की ओर से ये निर्देश भी दिए गए
. राजस्व विभाग में त्रुटि सुधार, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा बटांकन, आधार सीडिंग, डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब, जेंडर प्रविष्टि, कोटवारी भूमि व अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। त्रुटि सुधार संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
. किसानों, विशेषकर लघु व सीमांत किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने, विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के साथ उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

