
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी विशेष प्रोटोकॉल और सुरक्षा काफिला छोड़ दिया है। उन्होंने अपने राजकीय दौरों के समय पायलट वाहन, फॉलो वाहन और अन्य विशेष प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए ईंधन संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के आह्वान से प्रेरित होकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने यह कदम उठाया है। मंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के अनुरूप उन्होंने अपने सुरक्षा काफिले में केवल अपरिहार्य वाहनों को ही शामिल करने तथा अनावश्यक वाहनों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह समय जिम्मेदारी, संयम और जनभावनाओं के साथ खड़े रहने का है। राष्ट्रहित में प्रत्येक नागरिक की इसमें सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली, कारपूलिंग तथा संसाधनों के संयमित उपयोग को अपनाएं, इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

