रविवार, 15 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

धरमजयगढ़ में कल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, सीएम विष्णुदेव साय और नितिन नबीन होंगे शामिल

14 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
धरमजयगढ़ में कल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, सीएम विष्णुदेव साय और नितिन नबीन होंगे शामिल
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे। 


समारोह में जनजातीय नायकों के संघर्ष और योगदान को याद करने के साथ ही आदिवासी परिवारों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति का ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा। ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया था। उनकी जयंती 15 नवंबर को वर्ष 2021 से जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।


 धरमजयगढ़ के आयोजन में वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा। समारोह में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और विकास के लिए संचालित योजनाओं की उपलब्धियों को सामने रखा जाएगा।


7.89 लाख जनजातीय परिवारों को मिले पक्के मकान

आयोजन के लिए जारी आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के आवास मिले हैं। धरती आबा अभियान के तहत 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों और पीएम-जनमन योजना के तहत 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों को लाभ मिला है।


शिक्षा और छात्रवृत्ति पर भी जोर

प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। मातृ वंदना, कन्या विवाह और पशुधन विकास योजनाओं से भी जनजातीय परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।


4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित

वन अधिकारों के मामले में प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं। वहीं, जनजातीय विरासत के संरक्षण के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय विकसित किया गया है।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें