गुरुवार, 19 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला 26 नवंबर से, चार राज्यों के किसान होंगे शामिल

19 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला 26 नवंबर से, चार राज्यों के किसान होंगे शामिल
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रदेश में मखाना उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए 26 और 27 नवंबर को रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय के स्वामी विवेकानन्द सभागार में होने वाली इस कार्यशाला में चार राज्यों के 300 से अधिक किसान, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य, कृषि विशेषज्ञ और अधिकारी शामिल होंगे।


कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के किसानों के साथ मध्यप्रदेश के 27, उत्तरप्रदेश के 22 और ओडिशा के 9 किसान भाग लेंगे। मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मशीनीकरण, मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग प्रबंधन और विपणन की आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में शामिल किए जाने के बाद प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से मिली इस पहल के बाद प्रदेश में मखाना खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। 


वर्तमान में राज्य में 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती हो रही है। इसमें 96.438 हेक्टेयर तालाबों और 37.424 हेक्टेयर कम गहरे पानी वाले खेतों में शामिल हैं। इसके अलावा 15 हेक्टेयर में मखाना बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित है। धमतरी, रायपुर के आरंग क्षेत्र, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा प्रदेश के प्रमुख मखाना उत्पादक जिले बनकर उभरे हैं।


देशभर के विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

कार्यशाला में राष्ट्रीय मखाना संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, मुख्य वैज्ञानिक धमेन्दर कुमार, बिहार के मखाना विशेषज्ञ डॉ. विद्यानन्द झा, लुधियाना स्थित केंद्रीय फसल-कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार विश्वकर्मा सहित कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की ओर से किसानों को प्रक्षेत्र विस्तार, बीज उत्पादन, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, बाजार और निर्यात संवर्धन के लिए अनुदान एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।


किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाकर मखाना उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण और बाजार तक की पूरी व्यवस्था को मजबूत करना है। इससे छत्तीसगढ़ में मखाना खेती को नए अवसर मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें